राँची में रामनवमी पर्व के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख इलाके फिरायालाल चौक से फ्लैग मार्च सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
इस फ्लैग मार्च में स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, विभिन्न थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल हुए। मार्च के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई और आम लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और किसी भी तरह की अफवाहों पर रोक लगाना है।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

