विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा नामकुम स्थित आईपीएच प्रेक्षागृह में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने 76 संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और जल्द ही जेपीएससी के माध्यम से 1250 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि राज्य में 8 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना पर कार्य जारी है और पहली बार मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है। अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि मरीजों को अन्य राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।
टीबी उन्मूलन पर जोर देते हुए अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में 9.5 लाख लोगों की जांच की गई थी, जबकि इस वर्ष 12 लाख जांच का लक्ष्य रखा गया है। राँची में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

