जिले में सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों एवं कर्मियों के लिए पेंशन दरबार सह सेवा-निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने की।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं निष्ठावान सेवा योगदान के लिए सम्मानित करना तथा सेवानिवृत्ति के दिन ही उन्हें सभी पेंशन संबंधी लाभ उपलब्ध कराना था। जिला प्रशासन की यह पहल शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सुशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
समारोह के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कुल 14 सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माणकर्ता होते हैं और उनके मार्गदर्शन से ही भावी पीढ़ियाँ सशक्त बनती हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशन लाभ मिलना एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि है। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए समाज सेवा से जुड़े रहने, स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने का संदेश दिया तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

