हज़ारीबाग़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के बड़ा बाजार टीओपी क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में आज झाड़ी साफ करने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हबीबी नगर स्थित एक खाली प्लॉट पर कुछ लोग झाड़ियाँ साफ कर रहे थे। इसी दौरान जमीन के एक हिस्से में हलचल होते ही तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास का इलाका दहल उठा और अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार टीओपी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस जमीन के नीचे विस्फोटक होने के कारणों की जांच में जुटी है।

