झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Championship–2026 का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 से 4 जनवरी 2026 तक राँची के खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए कुल 31 माननीय न्यायाधीशों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान मेन सिंगल्स, वूमेन सिंगल्स, मेन डबल्स और मिक्स्ड डबल्स सहित चार श्रेणियों में मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, खेल भावना और उच्च स्तर के खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न्यायपालिका के सदस्यों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आपसी सौहार्द और खेल भावना को भी मजबूत करती हैं।
चार श्रेणियों में खेले गए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे—
मेन सिंगल्स:
इस वर्ग में बॉम्बे हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। केरल हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस उपविजेता रहे, जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वूमेन सिंगल्स:
उड़ीसा हाईकोर्ट की माननीय न्यायमूर्ति सावित्री राठो ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। राजस्थान हाईकोर्ट की माननीय न्यायमूर्ति रेखा बोराना उपविजेता रहीं, जबकि माननीय न्यायमूर्ति नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
मेन्स डबल्स:
इस वर्ग में बॉम्बे हाईकोर्ट की जोड़ी—माननीय न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास और माननीय न्यायमूर्ति सारंग वी. कोटवाल—ने पहला स्थान हासिल किया। केरल हाईकोर्ट की जोड़ी माननीय न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस एवं माननीय न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी. उपविजेता रही। मद्रास हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति सी. सारावाना एवं माननीय न्यायमूर्ति जी.के. इलंथिरैयन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मिक्स्ड डबल्स:
मिक्स्ड डबल्स वर्ग में उड़ीसा हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति वी. नरसिंह एवं माननीय न्यायमूर्ति सावित्री राठो की जोड़ी ने विजेता का खिताब जीता। राजस्थान हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति रवि चिरानिया एवं माननीय न्यायमूर्ति रेखा बोराना उपविजेता रहे, जबकि माननीय न्यायमूर्ति फरजान्द अली एवं माननीय न्यायमूर्ति नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

