मोरहाबादी मैदान में 30 अगस्त को आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर राँची यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। नो-एंट्री का समय पूर्ववत रहेगा।
रैली के दौरान सुबह 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से टीओपी-03 मैदान, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़, एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका मोरहाबादी, राम मंदिर से अतिथिशाला मोरहाबादी और एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों का परिचालन डायवर्ट या रोका जा सकता है। शहरवासियों से अपील की गई है कि जेल चौक से करमटोली होते हुए एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहन लेकर न निकलें। विशेष परिस्थिति में ही इन मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
गुमला और लोहरदगा से आने वाले वाहनों के लिए आईटीओ मैदान, हजारीबाग और रामगढ़ से आने वाले वाहनों के लिए डीवीसी गांधीनगर मैदान तथा खूंटी से आने वाले वाहनों के लिए जीएल चर्च मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सिमडेगा, कामडारा और तोरपा से आने वाले वाहन हरमू मैदान, जबकि सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा से आने वाले वाहन लोयला मैदान, पुरुलिया रोड में पार्क किए जाएंगे।
गढ़वा और पलामू क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए ओटीसी मैदान तथा हजारीबाग, रामगढ़ और बोड़ेया रिंग रोड से आने वाले वाहनों के लिए टीओआरआइओ मैदान (मंदिर मैदान) में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
राँची के आसपास से आने वाले वाहनों के लिए विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में पार्किंग की सुविधा रहेगी।

