जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को जगन्नाथपुर रथ मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, मंदिर समिति एवं मेला बंदोबस्ती संवेदक उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला राँची का एक प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त बैरिकेडिंग, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, खोया-पाया केंद्र, कंट्रोल रूम तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System) की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित बारिश एवं अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी रखने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए बताया कि 14 जुलाई की शाम मेला परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं का स्थल पर सत्यापन किया जाएगा, ताकि जगन्नाथपुर रथ मेला सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।

