राँची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं बुण्डू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान बंगाली टोला स्थित राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर के पास से भागने की कोशिश कर रहे आशिफ खान को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने यह मादक पदार्थ राजा शिवदत्त मलिक से खरीदने की बात स्वीकार की।
इसके बाद राजा शिवदत्त मलिक के घर की तलाशी लेने पर करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

