देशभर में महंगाई की आग और तेज हो गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। लगातार तीसरी बार हुई इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। पेट्रोल करीब 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। इसके साथ ही सीएनजी के दामों में भी इजाफा किया गया है।
झारखंड में अब पेट्रोल 102 रुपये के पार पहुंच चुका है, जबकि डीजल भी तेजी से 98 रुपये प्रति लीटर की ओर बढ़ रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता, वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रोजमर्रा की चीजों के दाम भी अब बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल इसकी मुख्य वजह है। अमेरिका-ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कच्चा तेल लगातार महंगा हो रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर सीधे महंगाई, परिवहन खर्च और आम लोगों के मासिक बजट पर पड़ेगा।

