मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग बेहर ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में राँची में निर्माणाधीन अजीम प्रेमजी मेडिकल यूनिवर्सिटी, एक हजार बेड वाले मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा स्कूल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान राज्य सरकार और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार देने पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों तक बेहतर सुविधाएँ पहुँचाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

