राँची में मॉनसून से पहले जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या-32 स्थित पंचशील नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जलजमाव प्रभावित इलाकों, नालियों की स्थिति, जल निकासी मार्गों तथा अतिक्रमण की जाँच की गई।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मॉनसून के समय शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने पंचशील नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात भी कही।
जाँच के दौरान निगम की टीम ने नालियों पर अतिक्रमण कर बनाए गए 23 भवनों को नोटिस जारी किया। भवन स्वामियों को सात दिनों के भीतर अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पंचशील नगर-पंडरा क्षेत्र में आरसीसी नाली निर्माण के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया गया है। परियोजना के क्रियान्वयन के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

