मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने ANM, GNM, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों एवं अन्य चिकित्सकीय पदों पर रिक्तियों को जल्द भरने का आदेश दिया ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
एम्बुलेंस सेवा को लेकर मिल रही शिकायतों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने ओला-उबर मॉडल की तर्ज पर राज्यव्यापी एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर तैयार करने को कहा। साथ ही रेफरल सिस्टम के ऑडिट, स्वास्थ्य निदेशालयों के पुनर्गठन और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के लिए अलग स्वास्थ्य कार्ययोजनाएं बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नेत्र जांच शिविर, ABHA कार्ड अभियान, मेडिकल कॉलेजों में सीट वृद्धि, ब्लड बैंक सुविधाओं के विस्तार तथा आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों के ऑडिट पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अबुआ दवाखाना योजना को जल्द शुरू करने और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

