राँची में प्रदर्शन कर रहे मनरेगा कर्मियों से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मुलाकात की और उनकी सभी प्रमुख माँगों को गंभीरता से सुना। कर्मियों ने ग्रेड पे निर्धारण, सामाजिक सुरक्षा प्रावधान, सेवा सुरक्षा नीति, सेवा का नियमितीकरण तथा बर्ख़ास्तगी मामलों की निष्पक्ष सुनवाई हेतु अपीलीय प्राधिकार की स्थापना जैसी आवश्यक माँगें मंत्री के समक्ष रखीं।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आश्वस्त किया कि मनरेगा कर्मियों की सभी न्यायोचित और विधिसम्मत माँगों पर सरकार व्यापक समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि समीक्षा के बाद उचित, ठोस और सकारात्मक निर्णय जल्द सुनिश्चित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य सरकार मनरेगा कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और न्याय की गारंटी के लिए पूरी सक्रियता से पहल कर रही है।

