राँची में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर अहम निर्णय लिया है। मौसम की गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए राँची जिले के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में KG से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) और 10 जनवरी 2026 (शनिवार) को स्थगित कर दी गई है।
गौरतलब है कि कड़ाके की ठंड के कारण इससे पहले भी 6 जनवरी से 8 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। बावजूद इसके तापमान में लगातार गिरावट और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने ठंड की छुट्टी को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि के दौरान किसी विद्यालय में परीक्षा निर्धारित है, तो परीक्षा का आयोजन विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार कर सकता है। वहीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के संचालन को लेकर भी विद्यालयों को आवश्यक निर्णय लेने की छूट दी गई है।
इसके साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी अल्पसंख्यक विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थिति अनिवार्य होगी।

