उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में समाहरणालय परिसर में कार्यरत सभी कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑल हैंड बैठक (All Hands Meeting) की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनके अनुभव, समस्याएं और सुझाव सुने तथा पूर्व बैठकों में रखी गई मांगों पर हुई प्रगति की जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगों को पूरा कर लिया गया है। समाहरणालय परिसर में सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, पार्किंग व्यवस्था में सुधार किया गया है और हाजिरी के लिए बायोमेट्रिक मशीन भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी कर्मचारी गलत कार्यों में संलिप्त न हो, नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी आवेदन या शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। बैठक में एसएआर राँची मनीषा तिर्की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा भी उपस्थित थे।

