झारखंड के रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिके मंदिर में शुक्रवार को भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने दर्शन-पूजन किया। उन्होंने पूरे विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना की, नारियल बलि अर्पित की और रक्षा सूत्र भी बंधवाया। इसके बाद मंदिर के वरिष्ठ पुजारियों से रजरप्पा मंदिर तथा भैरवी–दामोदर नदी संगम की धार्मिक, पौराणिक और आध्यात्मिक महत्ता की जानकारी ली।
दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा पूरी तरह मजबूत और सक्षम हाथों में है। यदि कोई बाहरी ताकत देश की ओर बुरी नजर से देखेगी या सुरक्षा में बाधा डालने की कोशिश करेगी, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय नौसेना हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार और सतर्क है।

