होली अवकाश के बाद कार्यालयों में कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। संध्या लगभग चार बजे के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय ब्लॉक-ए के सभी कार्यालयों का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली एवं कार्यालय व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन पत्रों की जांच की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी नियमानुसार अवकाश आवेदन प्रस्तुत करें। जिन कर्मचारियों के बारे में यह पाया गया कि वे बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे, उनके विरुद्ध संबंधित कार्यालय प्रधानों को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में अर्जुन मुण्डा (सहायक, सामान्य शाखा), लनिता कुमार महतो और विकास जायसवाल (जिला कल्याण शाखा) को शो-कॉज करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कर्मचारियों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य रूप से धारण करने तथा अपने-अपने टेबल पर नेमप्लेट लगाने का निर्देश दिया। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अनुशासित और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा कार्यालय प्रधान अपने अधीनस्थ कर्मियों की नियमित उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर निगरानी रखें। साथ ही समाहरणालय परिसर में स्वच्छता और लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस दौरान अपर समाहर्ता राँची रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

