राजधानी राँची में आगामी सरहुल और ईद पर्व को लेकर नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। 21 मार्च को मनाए जाने वाले इन पर्वों को देखते हुए निगम प्रशासन ने शहर में साफ-सफाई, जलापूर्ति और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कवायद शुरू कर दी है।
मंगलवार को प्रशासक सुशांत गौरव ने शहर के प्रमुख हातमा सरना स्थल, सिरमटोली सरना स्थल समेत विभिन्न स्थानों और मस्जिदों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान हातमा सरना स्थल, करमटोली छात्रावास अखड़ा, सिरमटोली चौक और रतन टॉकीज चौक स्थित एकरा मस्जिद सहित कई जगहों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरहुल को लेकर विशेष रूप से शोभायात्रा मार्गों की सफाई, पानी का छिड़काव, लाइटिंग, पेड़ों की छंटाई और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं ईद को देखते हुए मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, नाली व्यवस्था और कूड़ा उठाव पर भी जोर दिया गया है।
नगर निगम के 53 वार्डों में 298 सरना स्थलों और करीब 100 मस्जिदों में सफाई अभियान जारी है। इसके लिए एक हजार से अधिक सफाई मित्र तैनात किए गए हैं। शोभायात्रा के दिन 10 स्थानों पर चलंत शौचालय और 46 वाटर टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। शहर को रोशन करने के लिए 40 जनरेटर और 601 अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट लगाए जा रहे हैं। साथ ही कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

