राजधानी राँची में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी को लेकर नगर निगम सभागार में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई थी ।
इसके बाद आज शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को कम करने और यातायात को सुचारु व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से संयुक्त स्तर पर अभियान तेज कर दिया गया। राँची नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, जिला प्रशासन, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग और जेबीवीएनएल मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं।
ट्रैफिक एसपी के नेतृत्व में रेडियम चौक से किशोरी यादव चौक और न्यू मार्केट चौक होते हुए कचहरी रोड तक सड़क का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि किन कारणों से इन इलाकों में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है। मौके पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग, बिजली पोल और सड़क से जुड़ी अन्य बाधाओं की पहचान की गई, जिनसे यातायात प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आने वाले समय में शहरवासियों को जाम से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।

