मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर और उससे जुड़े आधारभूत ढांचे के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए मजबूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी है, जो प्रशासनिक कार्यक्षमता को बढ़ाने के साथ राज्य की छवि को भी मजबूत करता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नवीन तकनीकों के उपयोग, बेहतर संसाधनों की उपलब्धता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तेजी से काम पूरा किया जाए।
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने परियोजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

