ॐ शांति
झारखंड के दनुआ घाटी स्थित जोड़राही पुल के पास शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक सेलेरियो कार धनबाद की ओर से आ रही थी। बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में लाइनमैन शिव कुमार भुइयां अपनी कार से परिवार के साथ गयाजी जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दनुआ घाटी के खतरनाक ढलान और तीखे मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आधा हिस्सा ट्रेलर के नीचे फंस गया। इससे पहले कि कार सवार संभल पाते, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
दो भारी वाहनों के बीच फंसकर कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और लोहे के मलबे में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में मृतकों में शिव कुमार भुइयां (45), पत्नी रूबी देवी (38), बेटियां सोनी (12) और सुहानी (9), तथा रिश्तेदार प्रेम (7) शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस राहत-बचाव कार्य में जुटे रहे।

