राँची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज नगड़ी के कुलगु पिस्का स्थित विहार समाज कल्याण संस्थान (ओल्ड एज होम) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम के सभी कमरों, किचन, डाइनिंग एरिया और पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही परिसर में स्थित संत मदर टेरेसा क्लिनिक का भी निरीक्षण करते हुए दवाओं की उपलब्धता, इलाज की व्यवस्था और चिकित्सा प्रक्रियाओं की जानकारी ली।
इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पाण्डेय और आश्रम के केयरटेकर भी मौजूद रहे।
बीमार बुजुर्गों के इलाज के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को जानकारी मिली कि आश्रम में दो बुजुर्ग अस्वस्थ हैं और उम्रजनित बीमारियों से पीड़ित हैं। इस पर उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन, सदर को निर्देश देते हुए दोनों बुजुर्गों के समुचित इलाज और नियमित स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
“बुजुर्गों की सेवा हमारा दायित्व”
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे समाज के अनुभवी नागरिक हैं और उनकी देखभाल करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को निर्देश दिया कि बुजुर्गों को बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

