राँची में पुलिस-स्टूडेंट संवाद श्रृंखला के तहत मंगलवार को मनन विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित NCC कैंप प्रशिक्षण कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को पुलिस एवं यातायात सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वरीय पुलिस अधीक्षक राँची राकेश रंजन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, यातायात राकेश सिंह ने बच्चों को अनुशासित नागरिक बनने और समाज के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन, तेज रफ्तार और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाले खतरे के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभाव, Drink & Drive से बचाव, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। राँची यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और पुलिस को सहयोग देने की अपील की है।

