राँची के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने जिला उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात कर शहर की मूलभूत समस्याओं, नागरिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पार्षदों ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
बैठक में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि राँची को एक आदर्श और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है। उन्होंने वार्डों में नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही कहा कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा, ताकि लोगों की सहभागिता से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सामुदायिक सहभागिता की बड़ी भूमिका है। उन्होंने विद्यालयों और मोहल्लों में संवाद कार्यक्रम चलाने तथा हेल्पलाइन की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी उपायुक्त ने पार्षदों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए लोगों को जागरूक करने और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।
बैठक में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव को रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक निगरानी और परिवार स्तर पर संवाद को बढ़ावा देना जरूरी है।

