झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने आईपीएच सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गए आरोपों का जोरदार जवाब दिया। मंत्री ने एंबुलेंस और दवा घोटाले के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे सरकार की छवि खराब करने की साजिश करार दिया।
इरफान अंसारी ने कहा कि यदि राज्य में 251 एंबुलेंस बेकार पड़ी हैं, तो उनकी सूची सार्वजनिक की जाए। इस दौरान उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में एक दूरबीन दिखाते हुए कहा कि इसे बाबूलाल मरांडी को भेज देंगे ताकि वे खुद जाकर एंबुलेंस देख सकें। मंत्री ने बताया कि पुरानी एंबुलेंस काफी चल चुकी हैं और सरकार नई एंबुलेंस व्यवस्था मजबूत करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राँची और दुमका में नए कॉल सेंटर शुरू किए जाएंगे, ताकि फोन करने के 15 मिनट के भीतर एंबुलेंस उपलब्ध हो सके। दवाओं के एक्सपायर होने के आरोपों पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि कई दवाएं आपदा और विशेष बीमारियों को ध्यान में रखकर पहले से खरीदी जाती हैं। उन्होंने कहा कि खराब पाई गई दवाओं का भुगतान रोक दिया गया है।
मंत्री ने बाबूलाल मरांडी को एक सप्ताह के भीतर आरोपों का प्रमाण देने की चुनौती देते हुए कहा कि सबूत नहीं देने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि झारखंड का स्वास्थ्य विभाग देश में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है और रिम्स-2, पीजी सीट विस्तार तथा एआई-रोबोटिक तकनीक पर तेजी से काम चल रहा है।

