स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल, खेलगांव-टाटीसिलवे रोड में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-V) एवं ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (AITSC) चयन शिविर का 30 मई 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 3 झारखंड गर्ल्स बटालियन NCC द्वारा आयोजित इस शिविर में विभिन्न बटालियनों और शैक्षणिक संस्थानों के करीब 340 कैडेट्स ने भाग लिया।
शिविर का मुख्य आकर्षण 29 मई को आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या रही, जिसमें कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल राजीव कुमार, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल परवीन बुधवानी, स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती अर्चना राठौर, आर्मी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री अभय सिंह, कर्नल रोहित प्रसाद एवं श्रीमती रोहित प्रसाद, रिसालदार जुगल देबबर्मा, सेकंड ऑफिसर ह्यूमिलिटी रक्षा मिंज, सीटीओ सिंधु कुमारी तथा सीटीओ मौसमी मजूमदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अधिकारी, एएनओ एवं पीआई स्टाफ उपस्थित थे।
समापन समारोह में कैम्प कमांडेंट कर्नल राजीव कुमार ने कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। विद्यालय की प्राचार्या अर्चना राठौर ने भी कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
शिविर के दौरान ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, डिजास्टर मैनेजमेंट, साइबर सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। राँची ग्रुप के कई NCC बटालियनों एवं प्रमुख शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई।

