राँची रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नार्कोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ फ्लाइंग टीम, आरपीएफ पोस्ट राँची और अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में 61 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में बिहार के बक्सर जिले के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 मई को राँची रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष जाँच अभियान के दौरान आरपीएफ टीम ने ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 की तलाशी ली। इसी दौरान तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। उनके पास चार बड़े ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग थे। पुलिस को देखकर तीनों घबरा गए और पूछताछ के दौरान अपने सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
संदेह होने पर आरपीएफ अधिकारियों ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें तीनों ने स्वीकार किया कि उनके बैगों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। ट्रेन के प्रस्थान का समय होने के कारण सुरक्षा और विधिसम्मत कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ टीम ने तीनों संदिग्धों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारा।
नामकुम स्टेशन पर बैगों की जाँच करने पर कुल 61 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रेंस कुमार (21 वर्ष) और अंकित पाठक (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के बक्सर जिले के निवासी हैं।
आरपीएफ ने जब्त गांजा और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को सौंप दिया है। मामले की जाँच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

