राँची पुलिस ने सिकिदिरी थाना क्षेत्र के हुंडरू फॉल मुख्य मार्ग स्थित सोनी ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंदवे पिठोरिया निवासी अरमान अंसारी, ईरबा निवासी फरहान अंसारी, एजाज शाह और हसनैन अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी गए चांदी के आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार, मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, ढेलवाखुटा निवासी शशिकांत प्रसाद ने 27 मई को सिकिदिरी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जाँच टीम का गठन किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान और आसपास के इलाके की रेकी की थी। 26 मई की रात सभी आरोपी कार और बाइक से सिकिदिरी पहुंचे और जिम्मेदारियां बांटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। एक आरोपी पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जबकि अन्य आरोपी दुकान की निगरानी और ताला काटने का काम कर रहे थे।
तकनीकी जाँच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी के बाद चांदी के आभूषणों को आपस में बांट लिया गया था और कुछ सामान बेचकर मिले पैसे निजी खर्चों और बकरीद की तैयारियों में खर्च कर दिए गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए कई चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। वहीं मामले में शामिल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

