राजधानी राँची की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक के छोटे-बड़े दुकानदारों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, रेडी-ठेला संचालन तथा यातायात बाधित करने वाले अन्य कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से यातायात सुधार को लेकर सुझाव भी लिए और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि वे अपनी दुकानों के सामने रेडी, ठेला या अन्य अस्थायी दुकानें न लगने दें। साथ ही ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने को कहा गया, ताकि पैदल यात्रियों के लिए मार्ग बाधित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

