झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बुधवार को झारखंड विधानसभा परिसर के बाहर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब निर्दलीय एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र को तकनीकी कारणों से होल्ड पर रखे जाने की खबर सामने आई। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दस्तावेजों में कथित तकनीकी गड़बड़ी मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कांग्रेस के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता एकजुट होकर परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग कर रहे हैं। वहीं विधानसभा के गेट नंबर-2 के पास भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया, जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। भाजपा समर्थकों का कहना है कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परिसर के भीतर प्रदर्शन की अनुमति दी गई है तो उन्हें भी अंदर जाने दिया जाए, अन्यथा कांग्रेस नेताओं को बाहर निकाला जाए।
नामांकन को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदल गया है और विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

