झारखंड में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। रविवार को राँची समेत राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि सुबह और देर रात कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। राँची में 4 एमएम और खूंटी में सबसे अधिक 8 एमएम बारिश हुई।
बारिश के बाद राँची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, राँची के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी है। वहीं 27 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए बारिश और तेज हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटे में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्या आपके क्षेत्र में बारिश हुई है? कमेंट कर बताइए।

