भारत ए के लिए हाल ही में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियाँ बटोरने वाले झारखंड के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र आज राँची पहुँच गए हैं। अब वह झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) में छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से खेलते हुए नज़र आ सकते हैं।
श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान कुमार कुशाग्र ने भारत ए के लिए कई महत्वपूर्ण पारियाँ खेलीं। अफगानिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं श्रीलंका ए के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी कुशाग्र ने उपयोगी 36 रन बनाकर मध्यक्रम को संभाला और कप्तान तिलक वर्मा के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। भारत ए ने यह मुकाबला 66 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
भारत ए के लिए लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें कुमार कुशाग्र पर होंगी, जो झारखंड प्रीमियर लीग में छोटानागपुर रॉयल्स को मजबूत करने के लिए टीम से जुड़ चुके हैं।

