राँची नगर निगम ने मंगलवार को हरमू रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क, नाली, सेटबैक और गिफ्ट डीड की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 12 दुकानों और संस्थानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया। साथ ही, गिफ्ट डीड की जमीन पर संचालित एक टी-स्टॉल को भी हटाने का नोटिस दिया गया।
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने करीब 20 दुकानों के सामने सड़क और नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान नालियों पर बनी टाइल्स, सीढ़ियाँ और अन्य अवैध निर्माण हटाकर रास्ता साफ कराया गया। नाली के ऊपर अवैध निर्माण करने वाले एक दुकानदार पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
अभियान के दौरान ट्रेड लाइसेंस की जाँच में दो दुकानें बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित होती मिलीं, जिसके बाद दोनों को बंद करा दिया गया। वहीं, एक फर्नीचर शोरूम के बेसमेंट में पार्किंग स्थल का उपयोग गोदाम के रूप में किए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर भवन प्रबंधन को नोटिस जारी कर बेसमेंट खाली कराने और पार्किंग के निर्धारित उपयोग को बहाल करने के निर्देश दिए गए।
राँची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि, सड़क, नाली, सेटबैक एरिया एवं गिफ्ट डीड की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

