बयानडीह बाजार में अफीम तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।
राँची पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम थाना क्षेत्र के बयानडीह बाजार के पास दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि राईसा मोड़ की ओर से मोटरसाइकिल के जरिए अफीम बिक्री के लिए तस्कर आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन हेतु गठित छापामारी दल ने राँची-टाटा रोड स्थित बयानडीह बाजार के समीप घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलगा मुण्डा और विजय मुण्डा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में टंगे झोले से अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी पुष्टि डी.डी. किट जांच में हुई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जंगल में स्वयं अफीम की खेती कर उसे बिक्री के लिए लाया था। मामले में नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

