राँची के मोराबादी स्थित होटल पार्क प्राइम के पास 14 जुलाई 2026 को दिन के लगभग 11:30 बजे एक संदिग्ध काले रंग की थार (Thar) को पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने रोकने का प्रयास किया। वाहन में पूरी तरह ब्लैक फिल्म लगी हुई थी, विंडशील्ड टूटी हुई थी तथा पीछे के नंबर प्लेट को मिट्टी लगाकर छिपाया गया था।
पुलिस द्वारा जांच के लिए रोकने पर थार चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन भगाने का प्रयास किया। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन के चालक को टक्कर लगने से वह गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। घायल पुलिसकर्मी के सिर पर पांच टांके लगाए गए हैं। हालांकि, उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की गई, जिसके बाद आरोपी विश्राम उरांव (38 वर्ष), निवासी बरियातू, राँची को गिरफ्तार कर लिया गया तथा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

