राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने 14 जुलाई की देर रात एसपी सिटी के साथ शहर के विभिन्न थानों, नाइट पेट्रोलिंग व्यवस्था और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन और आम जनता के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात गार्डों की ड्यूटी की भी गहन जांच की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न रहे। वहीं हिंदपीढ़ी थाना में अनुशासनहीनता सामने आई। ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी में नहीं पाए गए और थाना प्रभारी को अपने ही ओडी अधिकारी का नाम ज्ञात नहीं था। इस लापरवाही पर हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
एसएसपी ने शहर के विभिन्न इलाकों में पीसीआर वैन की भी जांच की और मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी तरह अलर्ट रहने, आम लोगों की मदद करने और रात में उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। राँची पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

