वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने सोमवार को जन-वार्तालाप कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत लोअर बाजार क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, नशा उन्मूलन और क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
बैठक में एसएसपी के साथ पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) तथा लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन में पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया।
आगामी सावन को देखते हुए बैठक में कांवरियों के सुगम आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, स्कूल-कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास, विशेषकर छात्राओं के आने-जाने के समय, विशेष निगरानी और नियमित गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश लोअर बाजार थाना प्रभारी को दिए।
बैठक में वार्ड-16 के पार्षद मुस्ताक आलम, वार्ड-11 की पार्षद आलिया नाज़, वार्ड-21 के पार्षद मो. एहतेसाम, समाजसेवी साहेब अली सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि एसएसपी द्वारा जन-वार्तालाप कार्यक्रम की शुरुआत 24 जुलाई को सुखदेवनगर क्षेत्र से की गई थी। पुलिस के अनुसार इस पहल को स्थानीय लोगों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।

