आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, राँची द्वारा मंगलवार को जिले के विभिन्न बेकरी प्रतिष्ठानों एवं रेस्टोरेंटों में विशेष जाँच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अभिहित पदाधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, राँची डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने किया।
जाँच के दौरान कई बेकरी प्रतिष्ठानों एवं रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक रेस्टोरेंट में अवमानक (Substandard) गुणवत्ता का पनीर पाया गया। वहीं, एक बेकरी प्रतिष्ठान में बिना लेबल की ब्रेड एवं समय-सीमा समाप्त खाद्य उत्पाद मिले। इसके अलावा बेकरी के किचन में साफ-सफाई एवं स्वच्छता से जुड़ी कई कमियां भी सामने आईं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित खाद्य व्यवसायियों को सभी अनियमितताओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। संबंधित मामलों में नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान सभी बेकरी एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सामग्री के उचित भंडारण, केवल वैध लेबलयुक्त उत्पादों के उपयोग एवं बिक्री, समय-सीमा समाप्त खाद्य पदार्थों के तत्काल निष्पादन तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य हैंडलर्स को एप्रन, हेड कैप एवं ग्लव्स का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य व्यवसायियों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित जाँच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, खाद्य सुरक्षा कार्यालय, राँची के सजल कुमार श्रीवास्तव एवं शिव नंदन यादव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

