सदर अस्पताल, राँची के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से आमजन को जीवनरक्षक तकनीक सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. शुभम शेखर के सहयोग से किया गया। प्रशिक्षण में अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों के परिजनों सहित 50 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी को आपातकालीन स्थिति में सीपीआर देने की सही और वैज्ञानिक विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश कुमार झा ने कहा कि हृदयाघात या अचानक हृदय गति रुकने जैसी स्थिति में समय पर और सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए बेहद आवश्यक हैं और अधिक से अधिक लोगों को इसका प्रशिक्षण मिलना चाहिए।
इस जनहितकारी पहल के लिए डॉ. राजेश कुमार झा ने सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह तथा डॉ. अखिलेश कुमार झा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो सका। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को जीवनरक्षक कौशल से प्रशिक्षित करना था, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे बिना घबराए सही समय पर सीपीआर देकर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

