सिमडेगा ज़िले के रामरेखा मेला से लौट रहे मुरहू और खूंटी के युवकों की बोलेरो कार गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना गुमला ज़िले के कामड़ारा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोकला बाज़ार के समीप हुई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक रामरेखा मेला में शामिल होकर लौट रहे थे। सुबह लगभग साढ़े चार बजे पोकला बाज़ार के पास उनकी बोलेरो की टक्कर एक टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे पलट गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रिम्स, राँची रेफर किया गया।

