राँची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रविवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट करीब पांच घंटे देरी से रवाना हुई। यह देरी किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि एक यात्री की जान बचाने के लिए इस्तेमाल हुई इमरजेंसी ऑक्सीजन के बाद पर्याप्त बैकअप उपलब्ध नहीं होने की वजह से हुई।
फ्लाइट संख्या IX 1239 बेंगलुरु से सुबह करीब 8:55 बजे राँची पहुंची। सफर के दौरान एक यात्री को अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई, जिसके बाद क्रू ने ऑन-बोर्ड इमरजेंसी ऑक्सीजन देकर उसकी मदद की। राँची पहुंचने तक यात्री की स्थिति स्थिर हो गई।
ऑक्सीजन बैकअप खत्म होने के कारण सुरक्षा नियमों के तहत विमान को आगे उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी। एयरलाइन ने नई दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाए। सिलेंडर इंस्टॉल होने के बाद फ्लाइट IX 1244 ने दोपहर 1:51 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी।

