ईद मिलादुन्नबी और रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर राँची जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था समेत अन्य तैयारियाँ तेज कर दी हैं। उर्स कमिटी और शांति समिति के सदस्यों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात कर आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
इस दौरान उर्स कमिटी की ओर से उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कमिटी के सदस्यों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात, आपातकालीन सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। उपायुक्त ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि 27 से 31 अगस्त तक होने वाले रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर भी सुरक्षा-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं और वीआईपी सुरक्षा की तैयारियाँ की जा रही हैं।
उपायुक्त ने उर्स कमिटी और शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और आयोजन के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
मुलाकात में उर्स कमिटीी के सदर श्री अयूब गद्दी, महासचिव श्री जावेद अनवर, संयुक्त सचिव श्री जुल्फिकार अली भुट्टो एवं श्री सादिक इस्लाम, सदस्य श्री आसिफ नईम तथा शांति समिति के श्री जयसिंह यादव एवं श्री सागर कुमार उपस्थित रहे।

