रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर प्रशासन अलर्ट

राँची में रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने मजार परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुगम आवागमन और पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने तथा भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। अधिकारियों ने उर्स कमेटी एवं शांति समिति से समन्वय बनाए रखने की अपील की।

निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने मजार पर श्रद्धा के साथ चादरपोशी कर राँचीवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


