चाकू मारकर हत्या, लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
राँची पुलिस ने चाकू मारकर हत्या, लूट और चोरी की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ियों के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव की पहचान कुम्हार टोली निवासी उपेंद्र कुमार मिश्रा (32) के रूप में हुई। परिजनों के आवेदन पर हत्या, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट के आरोप में कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अरगोड़ा थाना क्षेत्र में ट्रक चालक को चाकू मारकर मोबाइल लूटने तथा बसंत विहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन में मोबाइल चोरी की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीनों घटनाओं में समान अपराध शैली सामने आने पर SIT का गठन किया गया।
SIT ने मानव एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर चाकू तथा लूटे और चोरी किए गए मोबाइल बरामद किए गए।

