राँची में गूँजी श्रीकृष्ण की जयकार, नमो दही-हांडी प्रतियोगिता में दिखा रोमांच

राजधानी राँची के अलबर्ट एक्का चौक पर शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समिति की ओर से आयोजित नमो दही-हांडी प्रतियोगिता में आस्था, उत्साह और रोमांच का शानदार संगम देखने को मिला। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नारियल फोड़कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

महिला वर्ग में राधा रानी करगे ने महज 30 सेकेंड में 20 फीट ऊंची दही-हांडी फोड़कर 51 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं पुरुष वर्ग में नौ गोविंदा टीमों ने हिस्सा लिया।

25 फीट की ऊंचाई पर मटकी नहीं फूटने के बाद इसकी ऊंचाई 21 फीट की गई। इसके बाद शिव शक्ति क्लब मांडर और बजरंग दल मालती मांडर ने 31 सेकेंड में मटकी फोड़ दी।

71 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दोनों टीमों में बराबर बांटी गई।


