राँची में आज कई इलाकों में पानी की सप्लाई 8 घंटे तक बंद रहेगी। 9 सितंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जलापूर्ति बाधित रहेगी। इससे लगभग 4 लाख लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।
रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने शटडाउन लिया है। इसके कारण शहर के आधे से अधिक इलाकों में पानी की किल्लत हो सकती है।
हिन्दपीढ़ी, मेन रोड, ओसीसी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड, रिम्स, बूटी, बीआईटी मेसरा, विकास, इरबा, कोकर, लालपुर, चुटिया, राँची रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड एमएमएस, दीपाटोली समेत अन्य इलाकों में इसका असर रहेगा।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह 6 बजे से पहले जरूरत के अनुसार पानी जमा कर लें, ताकि दिन में परेशानी न हो।
इसी राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के लिए 21 और 22 अगस्त को भी शटडाउन लिया गया था। उस दौरान लगभग 8 लाख लोगों को दो दिनों तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ा था।

