राँची के साउथ ऑफिस पाड़ा में श्री गणेश पूजा समिति की ओर से भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया गया है। पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रतिदिन विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूजा का समापन शुक्रवार को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के साथ होगा।

वहीं, संध्याकाल में श्री गणेशाला डांस एकेडमी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
इस विशेष कार्यक्रम के लिए संस्थान की संचालिका अनामिका घोष ने बच्चों को विशेष रूप से तैयार कराया था। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं का खूब मनोरंजन किया।

पूजा समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

