दुर्गा पूजा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन और विसर्जन घाटों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने बिजली संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने और प्रमुख पंडालों में बिजली कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सभी पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक प्रमाण-पत्र सुरक्षित रखने को कहा गया है।
इस वर्ष पूजा पंडालों में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता फ्लेक्स लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सड़कों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन घाटों की सफाई के साथ एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, बिजली, स्वास्थ्य, अग्निशमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि राँचीवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में दुर्गा पूजा मनाने का अवसर मिल सके।

