दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद झारखंड की राजधानी राँची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए राँची पुलिस ने शहर और ग्रामीण दोनों इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है।
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में कई स्थानों पर सघन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वाहनों की गहन जाँच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्रों की बारीकी से जाँच की जा रही है।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, राँची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा को और कड़ा किया गया है। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा जाँच में जुटी हुई हैं।
शहर के चौक-चौराहों, बाज़ारों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जाँच जारी है। वहीं, पुलिस टीम होटलों, लॉज, धर्मशालाओं और किराए के मकानों की भी सघन तलाशी ले रही है।
एसएसपी ने कहा है कि सुरक्षा जाँच अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन अवश्य कराएँ और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

