छठ महापर्व की तैयारी तेज, उपायुक्त ने राँची के प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण।

छठ महापर्व को लेकर राँची जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ कांके डैम, हटिया तालाब, चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। नगर निगम को सीढ़ियों से काई हटाने, डीडीटी का छिड़काव करने और जल की स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। धुर्वा डैम में आवागमन सुगम बनाने, चेंजिंग रूम और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा मिसिर गोंदा स्थित जतरा स्थल के पहुंच मार्ग से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। प्रशासन ने सभी तैयारियाँ समय पर पूरी करने की बात कही।

